पटियाला: पंजाब पुलिस ने पटियाला में कार्रवाई करते हुए हथियार तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 अवैध .32 बोर पिस्टल और 30 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी नामी ई-कॉमर्स कंपनियों के डिलीवरी बॉय की वर्दी पहनकर हथियारों की सप्लाई करते थे। वे पिस्टलों को पार्सल और पुराने कार्टनों में पैक कर सामान्य डिलीवरी की तरह ग्राहकों तक पहुंचाते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह मध्य प्रदेश से सस्ते दामों पर अवैध हथियार लाकर पंजाब के गैंगस्टरों को महंगे दामों पर बेचता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के संपर्क जेल में बंद गैंगस्टर सोनू खत्री से थे और वे राज्य में किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे थे।
राजपुरा के बसंतपुरा इलाके में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें होशियारपुर निवासी विशाल और जिंदर उर्फ सागर, उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी सुभाष तथा जालंधर निवासी बादल शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच का मकसद यह पता लगाना है कि इस गिरोह ने अब तक किन-किन लोगों को हथियार सप्लाई किए, नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।



