एंटरटेनमेंट डेस्क: वेब सीरीज की दुनिया में अपनी खास पहचान बना चुकी ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज से पहले एक्सेल एंटरटेनमेंट, अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और PVR INOX ने एक खास साझेदारी का ऐलान किया है।
इस पार्टनरशिप के तहत देश के चुनिंदा PVR INOX सिनेमाघरों को कुछ समय के लिए ‘मिर्जाPVR’ के अंदाज में पेश किया जाएगा। इस खास कैंपेन की टैगलाइन है— “मिर्जाPVR भौकाल अब बड़े पर्दे पर।”
दिल्ली के प्रिया सिनेमा के साथ-साथ मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद, जयपुर, लखनऊ समेत कई शहरों में यह खास सिनेमाई टेकओवर देखने को मिलेगा।
‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को देखते हुए इस कैंपेन को फिल्म की रिलीज से पहले फैंस के बीच उत्साह बढ़ाने की एक बड़ी कोशिश माना जा रहा है। निर्माताओं का कहना है कि बड़े पर्दे पर फिल्म के जरिए दर्शकों को ‘मिर्जापुर’ की दुनिया का पहले से ज्यादा भव्य अनुभव मिलेगा।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं।
फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना होगा कि बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ का भौकाल दर्शकों के बीच कितना रंग जमाता है।


