जालंधर।
इनोसेंट हार्ट्स पंजाब स्टेट सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट का रविवार को रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में शानदार समापन हुआ। पटियाला के जगशेर सिंह खंगूरा और जालंधर की इनायत गुलाटी ने क्रमशः पुरुष और महिला एकल का खिताब अपने नाम किया।विजेता अगले महीने होने वाली नॉर्थ जोन चैंपियनशिप में पंजाब का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पुरुष एकल के फाइनल में जगशेर सिंह खंगूरा ने जालंधर के वीरन सेठ को बेहद रोमांचक मुकाबले में 15-10, 10-15, 20-18 से हराया। महिला एकल का फाइनल भी कड़ा रहा, जिसमें इनायत गुलाटी ने गुरदासपुर की महविश कौर को 9-15, 15-9, 19-17 से पराजित किया।
अंडर-19 बालक एकल के फाइनल में जालंधर के वीरन सेठ ने अपने ही शहर के दिव्यम सचदेवा को 15-9, 9-15, 15-1 से हराकर खिताब जीता। अंडर-19 बालिका एकल में महविश कौर ने सीनियर वर्ग के फाइनल में मिली हार का बदला लेते हुए इनायत गुलाटी को सीधे गेमों में 15-11, 15-13 से हराया।

पुरस्कार वितरण समारोह में जालंधर के मंडलायुक्त रामवीर सिंह, आईएएस, मुख्य अतिथि रहे। विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सच्चे चैंपियन की पहचान केवल जीत का जश्न मनाने से नहीं, बल्कि जीत के बाद दूसरों के साथ उसके व्यवहार से होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने प्रतिद्वंद्वियों का हमेशा सम्मान करने और हार में भी खेल भावना बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यही गुण एक खिलाड़ी को सच्चा चैंपियन बनाते हैं।
पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रितिन खन्ना ने बताया कि अंडर-19 बालिका युगल में समायरा अरोड़ा और सीजा ने खिताब जीता, जबकि दिशिका सूरी और उपनीत कौर उपविजेता रहीं। गुरलीन कौर ढिल्लों-गुरसिमरत कौर चहल तथा अमेलिया भाकू-अनन्या निज्हावन की जोड़ियों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।

अंडर-19 बालक युगल में आदित्य शर्मा और वीरन सेठ विजेता रहे, जबकि अखिल अरोड़ा और कृतज्ञ अरोड़ा उपविजेता रहे। अनिरुद्ध गिलहोत्रा-जोरावर सिंह तथा रुद्राक्ष काशनिया-स्मार्थ भारद्वाज की जोड़ियां संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
अंडर-19 मिश्रित युगल में स्मार्थ भारद्वाज और सीजा ने खिताब जीता। शिवेन ढींगरा और अनन्या निज्हावन उपविजेता रहे। अरनव ठाकुर-लियाजदीप कौर तथा कृतज्ञ अरोड़ा-समायरा अरोड़ा की जोड़ियों ने संयुक्त तीसरा स्थान हासिल किया।
मिश्रित युगल में स्याम प्रसाद उदयकुमार और लिजा टांक ने खिताब अपने नाम किया, जबकि मृदुल झा और मान्या रहलान उपविजेता रहीं। शिवेन ढींगरा-अनन्या निज्हावन तथा आकर्षित शर्मा-सीजा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।महिला युगल में मान्या रहलान और सान्वी नौटियाल विजेता रहीं, जबकि लिजा टांक और सीजा ने दूसरा स्थान हासिल किया। दिशिका सूरी-उपनीत कौर तथा अमेलिया भाकू-अनन्या निज्हावन की जोड़ियां संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
पुरुष युगल में अर्यान अजी और स्याम प्रसाद उदयकुमार ने खिताब जीता, जबकि अनिश भारद्वाज और मृदुल झा उपविजेता रहे। समारोह में पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी राकेश खन्ना, हरप्रीत सिंह, धीरज शर्मा और शमशेर सिंह ढिल्लों सहित अन्य पदाधिकारी एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।


