पंजाब के साथ-साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 18 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया।
जांच एजैंसी (एनआईए) ने पंजाब के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर बब्बर खालसा इंटरनैशनल से जुड़े ऑपरेटिव द्वारा किए गए ग्रेनेड हमले की जांच के सिलसिले में वीरवार को पंजाब के साथ-साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 18 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि एजैंसी की टीमों ने सुबह 18 स्थानों पर तलाशी शुरू की और मोबाइल, डिजीटल डिवाइस तथा दस्तावेजों सहित कई आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। यह तलाशी बब्बर खालसा इंटरनैशनल (बीकेआई) के ऑपरेटिव कुलबीर सिद्धू, अमरीका स्थित गैंगस्टर मनीष उर्फ काका राणा और भारत तथा अन्य देशों में स्थित उनके संपर्को जुड़े संदिग्धों के परिसरों पर तलाशी ली गई।
हरियाणा के यमुनानगर का मूल निवासी कुलबीर सिद्धू अभी जर्मनी में है और पाकिस्तान स्थित बीकेआई प्रमुख वधावा सिंह बब्बर का प्रमुख सहयोगी हैं। सिद्धू अप्रैल 2024 में पंजाब के नंगल में वीएचपी नेता विकास प्रभाकर की हत्या से भी जुड़ा है। पंजाब के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित घर पर गत 7 अप्रैल की रात को आरोपी सैदुल अमीन ने हमला किया था। राज्य पुलिस ने उसे 12 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। यह प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के विदेशी संचालकों के निर्देश पर पंजाब में बीकेआई के गुर्गो द्वारा किए गए ग्रेनेड हमलों में से एक था।
पंजाब में जालंधर के पॉश इलाके फ्रैड्स कालोनी में छापेमारी की गई। वहां एक किराए के मकान में रहे रहे व्यक्ति से पूछताछ की गई। सूत्रों के अनुसार, उक्त व्यक्ति काफी समय से इस इलाके में किराए पर रह रहा था। छापेमारी के दौरान किसी को भी घर के अंदर और बाहर जाने की अनुमति नहीं थी। सूत्रों के अनुसार यहां से कुछ अहम दस्तावेज व डिजीटल डिवाइस मिली है। व्यक्ति के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और उसके संपर्क में रहे लोगों की जांच की जा रही है।