जाब में मानसून ने इस बार समय से पांच दिन पहले दस्तक देकर पूरे राज्य को अपनी चपेट में ले लिया है।
पंजाब में मानसून ने इस बार समय से पांच दिन पहले दस्तक देकर पूरे राज्य को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग ने राज्य में बारिश को लेकर गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। विभाग का कहना है कि जून का महीना सामान्य बारिश के साथ गुजरा है, जो राज्य के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
तापमान में गिरावट, मौसम हुआ सुहाना
पिछले 24 घंटों में राज्य के तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौजूदा तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री कम बताया जा रहा है। सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे है।
कहां-कितनी हुई बारिश?
बुधवार शाम तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई:
अमृतसर: 30 मिमी
पटियाला: 16 मिमी
फतेहगढ़ साहिब: 1 मिमी
होशियारपुर और रोपड़: 0.5 मिमी
लुधियाना: हल्की बारिश
इसके साथ ही कई जिलों का अधिकतम तापमान भी काफी नीचे रहा:
अमृतसर: 30.8°C
लुधियाना: 30.8°C
पटियाला: 27.8°C
पठानकोट: 32°C
फरीदकोट: 33.5°C
किन जिलों में अलर्ट?
मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और तरनतारन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फिरोजपुर, मोगा, फरीदकोट, मुक्तसर और फाजिल्का में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
सामान्य से सिर्फ 3% कम बारिश
1 से 25 जून तक पंजाब में औसतन 48.6 मिमी बारिश दर्ज की जाती है, जबकि इस बार अब तक 37.4 मिमी बारिश हुई है, जो कि सामान्य से केवल 3% कम है। इसका मतलब है कि इस बार राज्य में मानसून लगभग सामान्य है।
इस बार मानसून से उम्मीदें ज्यादा
पिछले साल की तुलना में इस बार मानसून काफी बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। 2024 में मानसून 2 जुलाई को राज्य में पहुंचा था और कुल 314.6 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जबकि सामान्य औसत 439.8 मिमी है। इस बार मौसम विभाग ने 110% बारिश की संभावना जताई है, यानी करीब 500 मिमी बारिश हो सकती है।


