अमृतसर: सीमावर्ती क्षेत्र में नशे और हथियारों की तस्करी के खिलाफ पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अमृतसर रूरल पुलिस के रामदास थाना क्षेत्र में रावी नदी के पास चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 1 किलो 310 ग्राम आइस ड्रग और तीन पिस्टल बरामद की हैं।
पुलिस को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने रावी नदी के आसपास सरकंडों वाले इलाके में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पीले टेप में लिपटे तीन संदिग्ध पैकेट बरामद हुए।
पैकेट खोलकर जांच करने पर इनमें आइस ड्रग और तीन पिस्टल बरामद हुईं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से भारतीय क्षेत्र में पहुंचाई गई हो सकती है। हालांकि, पूरे मामले की पुष्टि और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
रामदास थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीले पदार्थ और हथियार किस नेटवर्क से जुड़े हैं और इन्हें भारतीय क्षेत्र में किसने हासिल करना था।
पंजाब पुलिस द्वारा सीमावर्ती इलाकों में नशे और हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं।


