चंडीगढ़/जालंधर:
पंजाब में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 27 नवंबर यानी कल रात 8 बजे प्रदेश के सभी जिलों में एयर रेड और ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल करवाई जाएगी। यह अभ्यास केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों पर किया जा रहा है। मॉक ड्रिल की शुरुआत दो मिनट तक तेज आवाज में उतार-चढ़ाव वाले सायरन बजाकर होगी। इसके बाद डिप्टी कमिश्नरों द्वारा निर्धारित इलाकों में ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान लोगों को गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, जरूरी सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी।
अभ्यास के दौरान आग बुझाने, खोज एवं बचाव अभियान, प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और ट्रैफिक व भीड़ को नियंत्रित करने का अभ्यास भी किया जाएगा।
ड्रिल के अंत में दो मिनट तक लगातार सायरन बजाकर ‘ऑल क्लियर’ का संकेत दिया जाएगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यह केवल एक मॉक ड्रिल है। इसलिए सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।






