Wednesday, November 25, 2026
HomeLatest News43वां इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट: पंजाब नेशनल बैंक ने आर्मी...

43वां इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट: पंजाब नेशनल बैंक ने आर्मी इलेवन को 4-2 से हराया, कैग दिल्ली ने इंडियन नेवी को 2-1 से दी मात

जालंधर,
43वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के तहत आज ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम, जालंधर में तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए। इसमें पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) दिल्ली और कैग दिल्ली ने अपने-अपने मैचों में शानदार जीत दर्ज की, जबकि इंडियन एयर फोर्स और सीआरपीएफ दिल्ली के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ।
पूल-बी: पीएनबी की शानदार वापसी और जीत
पूल-बी के मुकाबले में पंजाब नेशनल बैंक दिल्ली ने आर्मी इलेवन दिल्ली को 4-2 से पराजित किया। मैच के चौथे मिनट में आर्मी की ओर से जर्सी नंबर 10 खिलाड़ी आगियापाल सिंह ने फील्ड गोल कर टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद पीएनबी ने शानदार वापसी करते हुए छठे मिनट में जर्सी नंबर 14 खिलाड़ी गुरसिमरन सिंह के पेनल्टी कॉर्नर गोल की मदद से स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। 10वें मिनट में नंबर 20 खिलाड़ी सुमित टोप्पो ने फील्ड गोल कर पीएनबी को 2-1 से आगे कर दिया। 27वें मिनट में गुरसिमरन सिंह ने एक और गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया। 30वें मिनट में आर्मी के नंबर 6 खिलाड़ी नीरज वैरीबम ने गोल कर अंतर को 3-2 किया, लेकिन 49वें मिनट में गुरसिमरन सिंह ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की और टीम की 4-2 से जीत पक्की कर दी।
पूल-सी: कैग दिल्ली ने इंडियन नेवी को दी शिकस्त
पूल-सी के मैच में कैग दिल्ली ने इंडियन नेवी मुंबई को 2-1 से हराया। मैच के 17वें मिनट में इंडियन नेवी के नंबर 31 खिलाड़ी जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद कैग दिल्ली के नंबर 3 खिलाड़ी सूर्या एन.एम. ने 26वें और 33वें मिनट में लगातार दो बेहतरीन फील्ड गोल कर अपनी टीम को 2-1 से जीत दिला दी।
पूल-डी: एयर फोर्स और सीआरपीएफ का मैच रहा ड्रॉ
पूल-डी में इंडियन एयर फोर्स और सीआरपीएफ दिल्ली के बीच बेहद कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जो 2-2 की बराबरी पर छूटा। सीआरपीएफ की तरफ से 14वें मिनट में नंबर 10 खिलाड़ी मोहम्मद खान ने फील्ड गोल और 26वें मिनट में नंबर 12 खिलाड़ी शमशेर ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर टीम को 2-0 से आगे कर दिया। दूसरे हाफ में इंडियन एयर फोर्स ने जोरदार वापसी की। 30वें मिनट में नंबर 88 खिलाड़ी जगत नचप्पा ने फील्ड गोल कर स्कोर 2-1 किया और 49वें मिनट में नंबर 7 खिलाड़ी अजीत पंडित ने एक और फील्ड गोल दागकर मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया।
मुख्य अतिथि और गणमान्य व्यक्ति
दिन के तीन मुकाबलों में दो टीमों ने जीत हासिल की और एक मैच ड्रॉ रहा। टूर्नामेंट के आगामी मैचों को लेकर हॉकी प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आज के मैचों के मुख्य अतिथि चरणजीत सिंह चन्नी (सीटी ग्रुप), परमिंदर कौर चन्नी, सुखजीत सिंह चीमा (पुखराज) और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दलजीत सिंह (रिटायर्ड आईआरएस) ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रोफेसर कृपाल सिंह मठारू, राम प्रताप, एल.आर. नैय्यर, सुरिंदर सिंह भापा, रणबीर टुट, लखविंदर पाल सिंह खैहरा, संदीप सिंह घुम्मण, हरिंदर सिंह संघा, पवन अग्रवाल, प्रदीप कुमार और गौरव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित थे।
RELATED ARTICLES
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Google search engine

Most Popular