अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित नशा तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 8.378 किलोग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी एक अंतरराष्ट्रीय तस्कर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर पंजाब के विभिन्न इलाकों से हेरोइन की खेप इकट्ठा कर आगे सप्लाई करने का काम कर रहे थे।
इस मामले में थाना छेहर्टा और थाना इस्लामाबाद में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान, सप्लाई चेन के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने में जुटी है।
पंजाब पुलिस का कहना है कि सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर राज्य को नशा मुक्त बनाने के अभियान को और तेज किया जाएगा।



