Monday, June 22, 2026
HomeLatest Newsपंजाब में 2,437 युवाओं को मिलेगी नौकरी, PSPCL में सहायक लाइनमैन के...

पंजाब में 2,437 युवाओं को मिलेगी नौकरी, PSPCL में सहायक लाइनमैन के पदों पर भर्ती को मंजूरी

चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने युवाओं को रोजगार देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) में 2,437 अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं को सहायक लाइनमैन (एएलएम) के रूप में नियुक्त करने का फैसला किया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएसपीसीएल के निदेशक मंडल ने पंजाब के एडवोकेट जनरल की सलाह के आधार पर इस भर्ती को मंजूरी प्रदान कर दी है। ये सभी प्रशिक्षु वर्तमान में पीएसपीसीएल और पंजाब स्टेट ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसटीसीएल) में लाइनमैन ट्रेड में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इस फैसले से प्रशिक्षुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी और यह रोजगार सृजन तथा युवा कल्याण के प्रति मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मिशन मोड में कार्य कर रही है। वित्त मंत्री ने बताया कि इन अभ्यर्थियों के लिए पीएसपीसीएल एक विशेष छूट के तहत पंजाबी भाषा की अनिवार्य परीक्षा आयोजित करेगा। परीक्षा की तिथि और अन्य विवरण निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि अप्रैल 2022 से अब तक पीएसपीसीएल और पीएसटीसीएल में कुल 9,627 नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इनमें 8,048 उम्मीदवारों की भर्ती सीधी नियुक्ति के माध्यम से, जबकि 1,579 लोगों को तरस के आधार पर नौकरी दी गई है। इसके अलावा, करीब 3,000 अन्य पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी है, जिसके नवंबर 2026 तक पूरी होने की संभावना है। हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का मानना है कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाया जा सकता है और उन्हें सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सकता है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार युवाओं से किए गए रोजगार संबंधी वादों को लगातार पूरा कर रही है।

इस अवसर पर बिजली विभाग के प्रशासनिक सचिव एवं पीएसपीसीएल के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. बसंत गर्ग भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments