जालंधर/शाहकोट:
मंड इलाके के लोगों की लंबे समय से लटक रही मांगों को पूरा करते हुए पंजाब सरकार द्वारा सतलुज नदी के धुस्सी बांध पर गिदड़पिंडी से फिल्लौर तक पक्की सड़क बनाने के प्रोजेक्ट का नींव पत्थर 18 जून को पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान द्वारा रखा जाएगा। इस ऐतिहासिक प्रोजेक्ट को अमली जामा पहनाने के लिए राज्यसभा सांसद संत बलवीर सिंह सीचेवाल द्वारा लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों को इलाके के लोग बड़ी उपलब्धि के तौर पर देख रहे है।

मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज राज्यसभा सांसद संत बलवीर सिंह सीचेवाल ने डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, पुलिस और अन्य प्रशासकीय अधिकारियों के साथ मंडाला छन्ना और आस-पास के इलाकों का दौरा किया। अधिकारियों ने बताया कि समारोह के लिए सभी प्रबंध पूरे किए जा रहे हैं।
इस मौके पर संत बलवीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि वर्ष 2023 के दौरान मंडाला छन्ना के पास बांध टूटने के कारण इलाके के लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा था। उस समय से ही बांध को मजबूत करने और इसके ऊपर पक्की सड़क बनाने की मांग लगातार उठाई जा रही थी। संत सीचेवाल ने कहा कि गिदड़पिंडी से फिल्लौर तक बनने वाली यह सड़क मंड क्षेत्र के दर्जनों गांवों को आपस में जोड़ेगी।


