भारतीय पुरुष हॉकी टीम को एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2024-25 (पुरुष) के मैच में अर्जेंटीना के खिलाफ उत्साहित प्रदर्शन के बावजूद हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम को एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2024-25 (पुरुष) के मैच में अर्जेंटीना के खिलाफ उत्साहित प्रदर्शन के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। नीदरलैंड के एम्स्टेलवीन के वेगनर हॉकी स्टेडियम में खेले गये मुकाबले में अर्जेंटीना ने भारत को 4-3 से हराया। मैच की शुरुआत से ही अर्जेंटीना ने आक्रामक तेवर अपनाए और तीसरे मिनट में कप्तान मटियास रे ने गोल दागकर टीम को शुरुआती बढ़त दिला दी। भारतीय डिफेंडर अमित रोहिदास की गलती अर्जेंटीना के पहले गोल की वजह बनी। हालांकि इसके बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 12वें मिनट में पेनल्टी पर गोल करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। यह इस दौरे पर भारत की लगातार तीसरी हार है।
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही लुकास मार्टिनेज ने गोल कर अर्जेंटीना को एक बार फिर बढ़त दिला दी। इस गोल में भी भारतीय डिफेंस की चूक सामने आई। हालांकि, मध्यांतर के बाद 33वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर अपना दूसरा गोल करते हुए स्कोर 2-2 कर दिया। लेकिन अगली ही मिनट अर्जेंटीना ने वापसी कर ली, जब सैंटियागो तराजोना ने तीसरा गोल कर टीम को फिर आगे बढ़ाया। तीसरे क्वार्टर में भारत ने 42वें मिनट में अभिषेक ने रिबाउंड पर गोल कर मुकाबले को 3-3 की बराबरी पर ला खड़ा किया। लेकिन अंतिम क्वार्टर की शुरुआत में ही लुसियो मेंडेज ने गोल कर अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी। भारत को 55वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम इस मौके का फायदा नहीं उठा सकी।