Friday, September 18, 2026
HomeLatest Newsस्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, श्री मुक्तसर साहिब में अधिकारियों को...

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, श्री मुक्तसर साहिब में अधिकारियों को सौंपी गई अहम जिम्मेदारियां

आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट मलोट पंकज कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समारोह को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष भी गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम, श्री मुक्तसर साहिब में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार पांचाल राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत करेंगे।

एसडीएम ने पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग की अग्रिम योजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि समारोह में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और सभी बिजली लाइनों की जांच करने के आदेश दिए गए। नगर परिषद को शहर और समारोह स्थल के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, मंडी बोर्ड, जल आपूर्ति, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित अन्य विभागों को भी अपने-अपने स्तर पर सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे करने के लिए कहा गया। अधिकारियों को बताया गया कि कार्यक्रम की फुल ड्रेस रिहर्सल 13 अगस्त को गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी संबंधित विभागों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया और स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular