श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार को अमरनाथ यात्रा पर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार करीब 40 यात्रियों को लेकर जा रही बस हरिगनीवान के एस-मोड़ के पास चालक का नियंत्रण खोने के बाद सड़क से फिसलकर नीचे ढलान की ओर जा गिरी। हादसे में लगभग 30 श्रद्धालु घायल हुए, जबकि समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा नुकसान टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF, बचाव दल और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तुरंत कंगन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार दो यात्रियों के सिर में चोट आई है, लेकिन सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था, जिसके बाद यह हादसा हुआ।

उधर, अमरनाथ यात्रा लगातार जारी है। अब तक लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। हालांकि ट्रैक की मरम्मत के चलते मंगलवार को पहलगाम मार्ग से यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई, जबकि बालटाल मार्ग से श्रद्धालुओं का नया जत्था सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना किया गया। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।



