लखनऊ: उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इस बार पहली बार टूर्नामेंट का आयोजन दो शहरों—लखनऊ और कानपुर—में किया जाएगा। लीग का आगाज 14 अगस्त से होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।
UPCA के अनुसार, टूर्नामेंट में कुल 34 मैच होंगे, जो 24 दिनों तक चलेंगे। शुरुआती मुकाबले और उद्घाटन समारोह लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होंगे, जहां 22 मैच खेले जाएंगे। इसके बाद शेष मुकाबले और फाइनल कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
टूर्नामेंट से पहले 24 जुलाई को आगरा में मिनी ऑक्शन होगा, जिसमें छह फ्रेंचाइजी 45 खिलाड़ियों के लिए बोली लगाएंगी। स्थानीय प्रतिभाओं को मौका देने के लिए इस बार भी कैचमेंट एरिया मॉडल को जारी रखा गया है, ताकि प्रदेश के अलग-अलग जिलों के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना लगातार चौथी बार लीग के ब्रांड एंबेसडर होंगे। विजेता टीम को एक करोड़ रुपये सहित कुल तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।
इस सीजन में UPCA ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘हर बाउंड्री, एक नई हरियाली’ अभियान भी शुरू किया है। इसके तहत पूरे टूर्नामेंट में लगाए गए हर चौके और छक्के के बराबर संख्या में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पौधे लगाए जाएंगे।



