Friday, July 10, 2026
HomeLatest Newsकनाडा भेजने के लिए बेची जमीन, अब बेटे का शव लाने के...

कनाडा भेजने के लिए बेची जमीन, अब बेटे का शव लाने के लिए मांगनी पड़ रही मदद

पंजाब के बरनाला और अमृतसर के दो युवकों की कनाडा में एक नहर में डूबने से मौत के बाद उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब परिजन, रिश्तेदार, दोस्त और गांव के लोग दोनों युवकों के शव भारत लाने के लिए आर्थिक मदद जुटाने में लगे हैं।

मृतकों में शामिल लवप्रीत सिंह अपने दोस्त योगराज को बचाने के लिए नहर में कूद गया था, लेकिन वह भी तेज बहाव में डूब गया। बाद में मॉन्ट्रियल फायर डिपार्टमेंट और कनाडाई कोस्ट गार्ड की संयुक्त टीम ने दोनों के शव बरामद किए।

लवप्रीत के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण गांव के लोगों ने चंदा अभियान शुरू किया है। अब तक पंजाब में करीब 2.5 लाख रुपये एकत्र किए जा चुके हैं, जबकि कनाडा में उनके दोस्तों ने ऑनलाइन अभियान चलाकर 26 हजार कनाडाई डॉलर से अधिक की राशि जुटाई है। अभियान का लक्ष्य 40 हजार कनाडाई डॉलर इकट्ठा करना है।

पड़ोसियों के अनुसार, लवप्रीत के पिता बलवीर सिंह सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हैं और पेंशन के सहारे परिवार का गुजारा चलता है। परिवार ने बेटे और बेटी को बेहतर भविष्य देने के लिए करीब दो एकड़ जमीन बेच दी थी और लगभग 29 लाख रुपये खर्च कर उन्हें कनाडा भेजा था।

करीब ढाई साल पहले वर्क परमिट पर कनाडा पहुंचे लवप्रीत मॉन्ट्रियल में ट्रक चालक के रूप में काम कर रहे थे, जबकि उनकी बड़ी बहन हरप्रीत कौर वहीं पढ़ाई कर रही हैं। परिवार का कहना है कि अब उनके पास घर और दो भैंसों के अलावा कोई बड़ी संपत्ति नहीं बची है।

स्थानीय लोगों और कनाडा में रह रहे पंजाबी समुदाय की मदद से परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही दोनों युवकों के शव भारत लाकर उनका अंतिम संस्कार किया जा सकेगा।

RELATED ARTICLES
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Google search engine

Most Popular