अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बटाला के निकट गांव गिल्लांवाली में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पंक्चर होने के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार रेत से भरे टिप्पर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक पलट गया और टिप्पर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
टक्कर के बाद टिप्पर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, अन्य वाहन चालकों, पुलिस और सड़क सुरक्षा बल (एसएसएफ) की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ट्रक चालक सड़क किनारे अपने वाहन का पंक्चर टायर बदल रहा था। तभी पीछे से तेज गति से आया टिप्पर अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक से टकरा गया, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
एसएसएफ अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंची और फंसे हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।



