जालंधर के रैणक बाजार इलाके से 12 वर्षीय छात्रा के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। बच्ची की पहचान सोनी कुमारी के रूप में हुई है, जो पांचवीं कक्षा में पढ़ती है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है, जबकि इलाके में भी हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, अली मोहल्ले से चार बच्चे एक साथ स्कूल के लिए निकले थे। तीन बच्चे सुरक्षित स्कूल पहुंच गए, लेकिन सोनी कुमारी स्कूल नहीं पहुंची। जब परिजनों ने स्कूल प्रशासन से संपर्क किया तो पता चला कि बच्ची स्कूल के अंदर दाखिल ही नहीं हुई थी।
बच्ची की मां पूजा देवी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मामले की जानकारी देते हुए एएसआई राजकुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्ची स्कूल के मुख्य गेट तक पहुंची थी, लेकिन वहां से वापस लौट गई। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और परिजनों व स्कूल स्टाफ से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और बच्ची की तलाश के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। वहीं, परिवार ने प्रशासन से बच्ची को जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढने की अपील की है।



