कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में स्थित कोखराज टोल प्लाजा पर एलपीजी गैस से भरे टैंकर के हादसे ने चार लोगों की जान ले ली, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें टैंकर के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने और कुछ ही क्षणों में आग की चपेट में आने का दृश्य कैद हुआ है।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना 26 जून की सुबह करीब सात बजे हुई। कानपुर से वाराणसी जा रहा एलपीजी टैंकर कोखराज टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसने कुछ ही सेकंड में भीषण आग का रूप ले लिया। आग तेजी से फैलते हुए पूरे टोल प्लाजा क्षेत्र को अपनी चपेट में ले गई।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दो गैस टैंकर टोल प्लाजा की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पीछे चल रहा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद गैस रिसाव और आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में मिर्जापुर निवासी टैंकर चालक धर्मेंद्र द्विवेदी केबिन में फंस गए और आग की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टोल प्लाजा पर ड्यूटी कर रहे पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान टोल कर्मचारी आलोक सिंह, हीरामणि सिंह और कृष्णपाल मौर्य की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। वहीं घायल कर्मचारियों अतुल कुमार मिश्रा और अनिल का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



