पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) ने राज्यभर के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत उपभोक्ता अपने मोबाइल नंबर और ईमेल विवरण को अपडेट कर सकेंगे। विभाग का उद्देश्य सही उपभोक्ताओं तक बिजली संबंधी सेवाएं और जरूरी सूचनाएं सीधे पहुंचाना है।
पावरकॉम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे QR कोड के माध्यम से अपने मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी को तुरंत अपडेट करें। विभाग के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में लोगों ने अपने फोन नंबर बदले हैं। इसके अलावा, कई मकानों और फ्लैटों की खरीद-बिक्री के बाद भी पुराने मालिकों या किराएदारों के नंबर ही बिजली कनेक्शन के साथ दर्ज हैं। इस कारण महत्वपूर्ण सूचनाएं वास्तविक उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच पा रही हैं।
ओरेकल सॉफ्टवेयर से संचालित है सिस्टम
पावरकॉम के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर अमनदीप सिंह गिल ने बताया कि विभाग का पूरा प्रबंधन आधुनिक ओरेकल सॉफ्टवेयर के माध्यम से संचालित होता है। इसी सिस्टम के जरिए बिजली बिल, बिजली कटौती (कट), शिकायतों की स्थिति और उनके समाधान संबंधी सूचनाएं सीधे उपभोक्ताओं के मोबाइल पर भेजी जाती हैं।