सीआईए स्टाफ की पुलिस ने नशा तस्करी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है
सीआईए (CIA) स्टाफ की पुलिस ने नशा तस्करी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पकड़ी गई महिला शहर में नशे की शुरूआत करने वाले इलाके के नामी नशा तस्कर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी लोंगा की पत्नी इंद्रजीत कौर उर्फ इंदू है। आरोपियों के कब्जे से 258 ग्राम हैरोइन, 8 हजार रुपए ड्रग मनी और एक आई 20 कार बरामद की गई है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सिधवां बेट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी कोट ईस्से खां मोगा, बलविंदर सिंह उर्फ बिंदर निवासी गांव अबूपुरा, सिधवां बेट और इंदरजीत कौर उर्फ इंदू निवासी हरदेव नगर अगवाड़ गुजरा, चुंगी नंबर 5, जगराओं के तौर पर हुई है।
तीनों आरोपियों को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नहर पुल सिधवां बेट के पास से गिरफ्तार किया। जानकारी देते हुए केस के जांच अधिकारी एएसआई सुखदेव सिंह (सीआईए स्टाफ) ने बताया कि वह अपनी पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त पर थे, तभी उन्हें नहर पुल सिधवां बेट के पास गुप्त सूचना मिली और आरोपियों को मौके पर काबू किया गया। उन्होंने बताया कि तीनों ही आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके नशा तस्करी नेटवर्क के अन्य साथियों और सप्लाई चैन तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस इस कार्रवाई को इलाके में नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मान रही है। इसके अलावा सब इंस्पैक्टर गुरसेवक सिंह ने भी एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ सदर जगराओं में मामला दर्ज किया है।
नामी तस्कर बिंदर का आपराधिक रिकॉर्ड, हाल ही में जेल से बाहर आया
जांच में सामने आया है कि बलविंदर सिंह उर्फ बिंदर पर पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें नशा तस्करी, अवैध हथियार रखने और पुलिस हिरासत से फरार होने जैसे संगीन मामले शामिल है। वह एक महीने पहले ही जेल से जमानत पर रिहा होकर बाहर आया था। पुलिस के मुताबिक अवैध हथियार रखने के मामले में आरोपी बलविंदर एक दिन बाद ही अदालत में से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ा।
गोपी करता था बड़ी सप्लाई, महिला तस्कर शहर में करती थी डिलीवरी
इसके अलावा बाकी दोनों हैरोइन तस्करों में गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी एक बड़ा सप्लायर है, जो विभिन्न इलाकों में नशा तस्करी करता है। बिंदर गांवों में सप्लाई करता था, जबकि इंदरजीत कौर जगराओं शहर में हैरोइन की डिलीवरी देती थी। इंदरजीत कौर छोटे पैमाने पर तस्करी करने वालों को 5 से 10 ग्राम हैरोइन देकर उनसे पैसे वसूलती थी। गोपी पर पहले नशा तस्करी का एक केस दर्ज जबकि महिला तस्कर इंदरजीत कौर पर तीन केस दर्ज है। इंदरजीत कौर इलाके के नामी तस्कर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी लोंगा की पत्नी है। हैप्पी लोंगा पर भी पहले हैरोइन तस्करी के ढेरों मामले दर्ज हैं और वो इस समय भी नशा तस्करी के मामले में जेल में ही बंद है।
नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार, 120 ग्राम हैरोइन बरामद
सवेरा न्यूज/आशुतोष (लुधियाना) 18 जून : नशा तस्करी के आरोप में थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने स्विफ्ट कार सवार को काबू किया है। उसके कब्जे से 120 ग्राम हैरोइन बरामद की गई है। आरोपी की पहचान गांव कासाबाद के रहने वाले विक्र ांत हीर उर्फ बंटी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गुप्त सूचना पर काबू किया। सूचना मिली थी कि आरोपी नशा तस्करी करता है और स्विफ्ट कार्बन नशे की खेप लेकर आ रहा है। इस पर पुलिस ने ट्रैप लगाया और आरोपी को काबू किया। उसकी कार की तलाशी के दौरान उससे 120 ग्राम हैरोइन बरामद हुई।