Saturday, April 18, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeLatest NewsAAP का बड़ा आरोप, केजरीवाल की हत्या की साजिश रच रही केंद्र...

AAP का बड़ा आरोप, केजरीवाल की हत्या की साजिश रच रही केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस

दिल्ली पुलिस पर पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की ‘हत्या’ की साजिश रचने का आरोप लगाया और निर्वाचन आयोग

आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की ‘हत्या’ की साजिश रचने का आरोप लगाया और निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि पंजाब पुलिस द्वारा उन्हें प्रदान की गई सुरक्षा को बहाल किया जाए, जो वापस ले ली गई है। इस आरोप पर भाजपा या दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के उनके समकक्ष भगवंत सिंह मान ने दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर 5 फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘आप’ को ‘समान अवसर’ देने, केजरीवाल को पंजाब पुलिस से मिली सुरक्षा बहाल करने और उन पर ‘जानलेवा’ हमलों की जांच करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र के अधीन आने वाली दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आदेश के चलते केजरीवाल पर कथित हमलों पर आंखें मूंद ली हैं।
आतिशी ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘केजरीवाल की हत्या की इस साजिश में 2 लोग शामिल हैं-भाजपा और दिल्ली पुलिस। वे दोनों केजरीवाल की जान लेने की साजिश कर रहे हैं। उन पर एक के बाद एक हमले की कोशिश की गई है।
अक्तूबर (पिछले साल) में केजरीवाल पर हमला किया गया। जांच में पता चला कि हमलावर भाजपा कार्यकत्र्ता थे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।’उन्होंने कहा, ‘हमने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर केजरीवाल की सुरक्षा बहाल करने की मांग की है।
हमें दिल्ली पुलिस पर भरोसा नहीं है, क्योंकि वह अमित शाह के नियंत्रण में है।’ ‘आप’ नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली चुनाव से पहले ‘तुच्छ राजनीति’ करते हुए भाजपा ने केजरीवाल की सुरक्षा हटाने की साजिश रची है।
‘आप’ नेताओं द्वारा निर्वाचन आयोग को लिखे गए पत्र में कहा गया है, ‘हम आपको केजरीवाल की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में गंभीर चिंता के साथ लिख रहे हैं, जिन्हें लगातार अपने जीवन के लिए गंभीर खतरों और उनकी सुरक्षा में जानबूझकर चूक का सामना करना पड़ रहा है।’ इसमें कहा गया है, ‘ये चूक कोई अलग-थलग घटनाएं नहीं हैं, बल्कि उनकी सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए रची गई एक बड़ी, सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत होती हैं।’ इसमें आरोप लगाया गया है कि पिछले 3 महीनों में विभिन्न मौकों पर केजरीवाल पर कई लक्षित हमले किए गए, जिनमें एक राजनीतिक रैली के दौरान हमला और पथराव की घटनाएं शामिल हैं, जिससे उनकी चिंताएं बढ़ गई हैं।
पत्र में शिकायत की गई है कि पुलिस ‘मूकदर्शक बनी रही’ और उसने केजरीवाल को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। मुख्यमंत्रियों ने दिल्ली में केजरीवाल के लिए पंजाब पुलिस की सुरक्षा वापस लेने संबंधी केंद्रीय गृह मंत्रलय के कथित आदेश को ‘राजनीति से प्रेरित’ निर्णय बताया।
मान ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे भाजपा नेताओं को जब जरूरत होती है तो उन्हें अन्य राज्यों से सुरक्षा मिलती है। उन्होंने कहा, ‘जिन्हें ‘जैड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, उन्हें सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।
उदाहरण के लिए, योगी आदित्यनाथ को अपने राज्य से सुरक्षा मिलती है और यहां भी उन्हें चुनाव प्रचार के दौरान सुरक्षा मिलती है, क्योंकि उन्हें ‘जैड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।’ मान ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी चुनावों के दौरान पंजाब पुलिस से मदद मांगी थी। उन्होंने मुझसे कहा था कि उन्हें केंद्रीय बलों पर भरोसा नहीं है। इसलिए हमने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई थी।’
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments