जालंधर:
शहर के लोगों के लिए नगर निगम की ओर से अहम सूचना जारी की गई है। नगर निगम ने सभी प्रॉपर्टी मालिकों से अपील की है कि वे अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स 31 दिसंबर तक जमा करवा दें। निर्धारित समय तक टैक्स जमा करवाने पर किसी तरह का जुर्माना नहीं लगेगा, लेकिन इसके बाद टैक्स जमा करने वालों को 10 प्रतिशत अतिरिक्त जुर्माना देना पड़ेगा।
मेयर वनीत धीर और नगर निगम कमिश्नर सुरिंदर सिंह ने बताया कि निगम की ओर से शहर की प्रॉपर्टियों का जीआईएस सर्वे करवाया जा रहा है। इसके जरिए प्रॉपर्टियों का पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है और टैक्स जमा न करवाने वाले डिफॉल्टरों की पहचान की जा रही है।
डिफॉल्टरों को भेजे जा रहे नोटिस और मैसेज
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, जिन लोगों ने अभी तक अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं करवाया है, उन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से भी बकाया टैक्स जमा करवाने की जानकारी दी जा रही है।
टैक्स न भरने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
संयुक्त कमिश्नर डॉ. मनदीप कौर ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करवाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बकाया टैक्स की वसूली के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत सुपरिंटेंडेंट महीप सरीन, भूपिंदर सिंह बड़िंग और राजीव ऋषि अलग-अलग इलाकों में जाकर प्रॉपर्टियों की जांच कर रहे हैं। नगर निगम की ओर से डिफॉल्टरों की सूचियां भी तैयार कर ली गई हैं।
31 दिसंबर से पहले निपटा लें काम
नगर निगम अधिकारियों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवा दें, ताकि 31 दिसंबर के बाद लगने वाले 10 प्रतिशत जुर्माने से बचा जा सके।






