चंडीगढ़ :
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज एक अनूठी राज्य-स्तरीय युवा क्विज़ प्रतियोगिता ‘पंजाब दा करोड़पति’ की शुरुआत की। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को ज्ञान, शिक्षा और सरकारी नौकरियों की तैयारी की ओर लगाना है। इस क्विज़ के विजेता को 1 करोड़ रुपये का बड़ा पुरस्कार जीतने का अवसर मिलेगा। 15 से 30 वर्ष की आयु के पंजाब के निवासियों के लिए खुली इस प्रतियोगिता में विजेता को 1 करोड़ रुपये, चार उप-विजेताओं (रनर-अप) को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड पर शीर्ष आठ अन्य प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा 10,000 से अधिक प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। इस पहल की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार चाहती है कि युवाओं के हाथों में किताबें हों क्योंकि कलम ही किसी कौम की किस्मत गढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सफलता ही पंजाब की असली तरक्की है और सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “पंजाब के युवाओं के लिए यह बड़ी खबर है। आज हमने युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से ‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता की घोषणा की है। विजेता को 1 करोड़ रुपये मिलेंगे, चार उप-विजेताओं को 10-10 लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि शीर्ष 10,000 प्रतिभागियों को भी आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। हम चाहते हैं कि हमारे युवाओं के हाथों में किताबें हों क्योंकि कलम ही किसी कौम की किस्मत गढ़ सकती है। आप बस कड़ी मेहनत पर ध्यान दें; सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है। आपकी सफलता ही पंजाब की असली तरक्की है। आइए, अपने कौशल और कड़ी मेहनत के माध्यम से एक खुशहाल और जीवंत ‘रंगला पंजाब’ बनाएं।”

युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि ‘पंजाब दा करोड़पति’ पहल सीखने, ज्ञान बढ़ाने और बड़े नकद पुरस्कार जीतने का एक शानदार अवसर है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “यह प्रतियोगिता 15 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए है और इसका ढांचा लोकप्रिय टेलीविज़न क्विज़ शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर तैयार किया गया है। प्रतिभागियों को चुनिंदा सवालों के जवाब देने होंगे, जिनमें से प्रत्येक सवाल के चार विकल्प होंगे और उनमें से केवल एक ही सही होगा।”
उन्होंने कहा, “इस प्रतियोगिता में कुल 11 दौर होंगे, जिनमें से पहले 9 दौर ऑनलाइन आयोजित किए जाएंगे। दसवां दौर पंजाब के सभी 23 जिलों में ऑफलाइन माध्यम से आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी स्वयं आकर भाग लेंगे, जबकि 11वां दौर ‘ग्रैंड फिनाले’ होगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रश्न बैंक में लगभग 50,000 प्रश्न शामिल होंगे, जो पंजाब के इतिहास, संस्कृति, भूगोल, गणित और पंजाब सरकार से संबंधित जानकारी पर आधारित होंगे। ये प्रश्न कांस्टेबल, पटवारी और पी.सी.एस. जैसे पदों पर भर्ती के लिए ली जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न के अनुसार ही होंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “यह पहल युवाओं को उनका सामान्य ज्ञान बढ़ाने और भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी करने में मदद करेगी, जबकि साथ ही वे प्रतियोगिता के उत्साह का आनंद भी ले सकेंगे।”
पुरस्कारों के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया, “कुल 10,000 प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए जाएंगे, जिसमें अंतिम विजेता को 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। प्रतिभागियों को सवालों के जवाब देने के तुरंत बाद सही उत्तर भी उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिससे उन्हें अपने जवाबों से सीखने और अपना ज्ञान बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।”
पारदर्शिता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “सारी प्रक्रिया पारदर्शी होगी ताकि युवाओं को अपना ज्ञान बढ़ाने, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अपनी तैयारी मजबूत करने और आकर्षक नकद पुरस्कार जीतने का समान अवसर मिल सके।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रतियोगिता का विवरण जल्द ही अखबारों में भी प्रकाशित किया जाएगा। मोबाइल फोन और वेब के माध्यम से इस पोर्टल तक पहुंचा जा सकेगा और युवा ‘पंजाब दा करोड़पति’ ऐप/पोर्टल के जरिए पंजीकरण करवा सकते हैं, जो गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है।”

इसे युवाओं के लिए कमाई के साथ-साथ सीखने का बड़ा अवसर बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रदेश भर के युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस प्रतियोगिता में भाग लें, अपने ज्ञान में वृद्धि करें और इस अनूठी पहल का भरपूर लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार पंजाब के युवाओं की अथाह ऊर्जा को सकारात्मक दिशा की ओर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस नेक कार्य को सिरे चढ़ाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।”
पंजाब भर के 15 से 30 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे हिस्सा यह प्रतियोगिता 1 जनवरी, 2027 तक 15 से 30 वर्ष की आयु के पंजाब के सभी 23 जिलों के युवाओं के लिए खुली है और यह एक डिजिटल क्विज़ प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इसके सिलेबस में पंजाब का इतिहास, भूगोल, कला, संस्कृति, सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स, एप्टीट्यूड और शासन प्रबंधन से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे, जिसमें सरकारी पहल, उपलब्धियां और विकास कार्य भी शामिल हैं। बहु-विकल्पीय प्रश्नों वाली इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में सीखने की रुचि, जिज्ञासा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करना है ताकि पंजाब की विरासत, प्रगति और शासन प्रबंधन के बारे में उनकी समझ को और गहरा किया जा सके।
राज्य स्तरीय विजेता को 1 करोड़ रुपये, चार उप-विजेताओं को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड पर जगह बनाने वाले आठ प्रतिभागियों को मिलेंगे 5-5 लाख रुपये ‘पंजाब दा करोड़पति’ के पुरस्कारों की सूची में राज्य स्तरीय विजेता के लिए 1 करोड़ रुपये का बड़ा नकद पुरस्कार शामिल है, जबकि चार उप-विजेताओं (रनर-अप) को 10-10 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा लीडरबोर्ड पर जगह बनाने वाले आठ प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इन शीर्ष पुरस्कारों के अलावा, क्वालीफाइंग दौर में अच्छा प्रदर्शन करने वाले और जिला स्तरीय विजेताओं सहित 10,000 प्रतिभागियों को भी नकद पुरस्कार मिलेंगे। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों के दौरान युवाओं का उत्साहवर्धन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिभागियों के पास डिजिटल प्रमाणपत्र और अन्य पुरस्कार जीतने के अवसर भी होंगे।
डिजिटल क्विज़ दौर के माध्यम से होगा जिला स्तरीय प्रतियोगिता का चयन; प्रतिभागियों के लिए मॉक क्विज़ की सुविधा
इस प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण 14 नवंबर से शुरू होकर 28 नवंबर, 2026 को बंद होगा। प्रतियोगिता में कुल 11 दौर होंगे, जिनमें से पहले नौ दौर डिजिटल तरीके से आयोजित किए जाएंगे, इसके बाद दसवें दौर में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी और 11वां दौर ग्रैंड फिनाले होगा। डिजिटल क्विज़ दौर 21, 23, 25, 27 और 29 नवंबर को तथा उसके बाद 1, 3, 5 और 7 दिसंबर को आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 9 दिसंबर को सभी 23 जिलों में आयोजित की जाएंगी, जो प्रतिभागियों को ग्रैंड फिनाले की दौड़ में अपने-अपने जिलों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान करेंगी।
प्रतिभागियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म और इसकी कार्यप्रणाली से परिचित करवाने के लिए अभ्यास हेतु ‘मॉक क्विज़’ की व्यवस्था भी की गई है। इससे युवा प्रतिभागियों को ऐप/पोर्टल को समझने, क्विज़ के प्रारूप का अनुभव करने और वास्तविक प्रतियोगिता के दौर शुरू होने से पहले खुद को तैयार करने में मदद मिलेगी।
17 दिसंबर को होगा ग्रैंड फिनाले; प्रतियोगिता के टेलीविज़न और डिजिटल प्रसारण पर किया जा रहा विचार
इस प्रतियोगिता का समापन 17 दिसंबर को होने वाले राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले के साथ होगा, जिसमें पंजाब भर के 23 जिला स्तरीय विजेता भाग लेंगे और विजेता रहने वाला प्रतिभागी 1 करोड़ रुपये का प्रतिष्ठित नकद पुरस्कार अपने घर ले जाएगा। प्रतिभागी अन्य आकर्षक नकद पुरस्कारों के लिए भी प्रतिस्पर्धा करेंगे, जिनमें चार उप-विजेताओं के लिए 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड पर जगह बनाने वाले आठ प्रतिभागियों के लिए 5-5 लाख रुपये शामिल हैं, जो इस प्रतियोगिता को प्रथम स्थान के प्रतिष्ठित पुरस्कार के अलावा अन्य शानदार प्रदर्शन करने वाले युवाओं के लिए भी उपयुक्त पुरस्कारों के साथ और अधिक आकर्षक बनाता है। यह फिनाले किसी उपयुक्त स्टेडियम या बड़े स्थान पर आयोजित करने का प्रस्ताव है, जिसमें पुरस्कार वितरण समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, युवाओं के मनोरंजन के कार्यक्रम और प्रमुख पंजाबी कलाकारों व हस्तियों की भागीदारी होगी। प्रदेश की युवा प्रतिभा के इस उत्सव को पंजाब और इससे बाहर बैठे दर्शकों तक पहुंचाने के लिए इस कार्यक्रम का टेलीविज़न और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीधा प्रसारण (लाइव-स्ट्रीमिंग) भी किया जा सकता है।
‘पंजाब दा करोड़पति’ के लिए पंजीकरण और इसमें कैसे भाग लेना है: चरण-दर-चरण जानकारी
पंजाब सरकार ने अपने ‘पंजाब दा करोड़पति’ क्विज़ प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण को अपनी आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरल बनाया है। युवा निम्नलिखित चार-चरणीय आसान प्रक्रिया का पालन करके इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
चरण 1: पोर्टल पर पंजीकरण करें
-
‘पंजाब दा करोड़पति’ के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं या इसका ऐप डाउनलोड करें।
-
अपने मोबाइल नंबर का उपयोग करके पंजीकरण करें।
-
ओ.टी.पी. के माध्यम से अपने मोबाइल नंबर की पुष्टि करें।
-
पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करें।
-
यदि आप वर्तमान समय में पढ़ाई कर रहे हैं तो अपने स्कूल या कॉलेज का विवरण दर्ज करें।
-
पंजीकरण पूरा करने के लिए अपने जिले का चयन करें।
चरण 2: ऑनलाइन राउंड्स में भाग लें
-
अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और ओ.टी.पी. का उपयोग करके लॉग-इन करें।
-
ऑनलाइन क्विज़ दौर में भाग लें।
-
प्रत्येक सवाल के चार विकल्प होंगे, जिनमें से एक सही जवाब होगा।
-
प्रतिभागियों को प्रत्येक सवाल का जवाब देने के लिए 20 सेकंड का समय मिलेगा।
-
यदि निर्धारित समय समाप्त हो जाता है तो अगला सवाल अपने-आप स्क्रीन पर आ जाएगा।
-
इसमें क्विज़ को बीच में रोकने की कोई सुविधा नहीं है, इसलिए प्रतिभागियों को पूरे दौर के दौरान ध्यान केंद्रित रखना होगा।
चरण 3: रैंकिंग में आगे बढ़ें
-
प्रतिभागियों की रैंकिंग उनके प्रदर्शन के आधार पर की जाएगी।
-
सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अगले दौर के लिए क्वालीफाई करेंगे।
-
कुल अंक जिला स्तरीय फाइनल और राज्य स्तरीय दौर तक पहुंचने की संभावनाएं तय करेंगे।
चरण 4: ग्रैंड फिनाले की प्रतियोगिता
-
जिला स्तरीय फाइनलिस्टों को ग्रैंड फिनाले में ‘हॉट सीट’ हासिल करने का मौका मिलेगा।
-
फाइनलिस्ट 1 करोड़ रुपये के शीर्ष पुरस्कार के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
-
ग्रैंड फिनाले राज्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
प्रतिभागियों के लिए जानने योग्य मुख्य बातें
-
पात्रता: 15 से 30 वर्ष की आयु के पंजाब निवासी।
-
पंजीकरण: मोबाइल नंबर और ओ.टी.पी. का उपयोग करके आधिकारिक पोर्टल/ऐप के माध्यम से।
-
सवालों का प्रारूप: चार विकल्पों वाले बहु-विकल्पीय प्रश्न।
-
समय सीमा: प्रति प्रश्न 20 सेकंड।
-
प्रतियोगिता का ढांचा: ऑनलाइन दौर, जिला स्तरीय फाइनल और राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले।
-
शीर्ष पुरस्कार: 1 करोड़ रुपये।
जरूरी नोट: पूरी प्रतियोगिता के दौरान अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर अपने पास चालू रखें, क्योंकि ऑनलाइन दौर में लॉग-इन करने और भाग लेने के लिए इसकी आवश्यकता पड़ेगी।
‘पंजाब दा करोड़पति’ के माध्यम से भगवंत मान सरकार का उद्देश्य एक ऐसा राज्य स्तरीय मंच तैयार करना है, जो ज्ञान, प्रतिभा और आकांक्षाओं को उपयुक्त अवसरों और मान-सम्मान में बदलने का मार्ग बने। इस पहल की कल्पना पंजाब की युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए की गई है, जो हर जिले के युवाओं को भाग लेने, प्रतिस्पर्धा करने और प्रदेश का अगला करोड़पति बनने की इच्छा रखने तथा इसे साकार करने का अवसर देती है।



