जालंधर
जालंधर के डॉ. बीआर अंबेडकर चौक में सुबह तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर चौक में जा घुसा। ट्रक ने चौक के डिवाइडर को तोड़ दिया और अंदर तक पहुंच गया। हादसे के दौरान गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि ट्रक और चौक को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची थाना चार की पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। वहीं घटनास्थल से गुजर रहे एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह वहां से निकल रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक सीधे चौक में जा घुसा और डिवाइडर को तोड़ते हुए अंदर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शी ने आशंका जताई कि ट्रक चालक शायद नशे की हालत में था, जिस कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गनीमत रही कि ट्रक डॉ. बीआर अंबेडकर साहिब की प्रतिमा से नहीं टकराया, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद मौके से गुजरने वाले राहगीर रुककर घटना के वीडियो बनाते नजर आए। फिलहाल पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।



