जालंधर:
जालंधर में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवा कारोबारियों की मौत हो गई। हादसा पुलिस लाइन रोड पर फ्लाईओवर के निकट उस समय हुआ, जब एक कार की ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार दो युवकों ने दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथ मौजूद तीन अन्य दोस्त बाल-बाल बच गए।
मृतकों की पहचान स्पीड रिकॉर्ड कंपनी के मालिक दिनेश ओलक के बेटे दिवित ओलक और पटेल चौक स्थित पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे ऑरव तलवाड़ के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक देर रात अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गए थे। पार्टी से तड़के घर लौटते समय उनकी कार पुलिस लाइन रोड पर फ्लाईओवर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक घटना ने शहर के व्यापारिक जगत और दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। दो युवा बेटों की असमय मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।



