जालंधर, 2 अक्तूबर:
स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत युवा नागरिकों में साफ-सुथरे वातावरण संबंधी चेतना पैदा करने के लिए जिला जालंधर के गांव रुड़का कलां में ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ करवाई गई।

यूथ फुटबॉल क्लब के सहयोग से स्थानीय सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सरकारी सह-शिक्षा स्कूल से विद्यार्थियों की जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों द्वारा गांव स्तर पर ठोस कूड़ा प्रबंधन और तरल कूड़ा प्रबंधन की प्रक्रिया सुविधाओं का दौरा किया गया। इस मौके पर अधिकारियों द्वारा शामिल होने वाले विद्यार्थियों को कूड़ा प्रबंधन संबंधी मैकेनिकल विधि, कूड़ा अलग करने के साधनों, गीले और सूखे कूड़े से खाद बनाने, रीसाइक्लिंग प्रोटोकॉल, सुरक्षित निपटान विधियों और अपने आस-पास को साफ-सुथरा रखने के लिए गंदे पानी के सुचारू निपटान के बारे में जानकारी दी गई।
इस बातचीत के सत्र ने विद्यार्थियों को प्लास्टिक प्रदूषण और इधर-उधर कूड़ा फेंकने के नुकसान के बारे में अवगत कराते हुए रोजाना साफ-सफाई की आदतों को अपनाने की अपील की गई। इस मौके पर अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को स्वच्छता राजदूत बनकर कूड़े को अलग करने और अपने परिवारों व पड़ोसियों को वातावरण को साफ-सुथरा व स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

इस मौके पर सेवा शर्मा, सी.डी.एस. (सैनीटेशन) गगनदीप सिंह वालिया, ए.एस.डी.ओ., डी.डब्ल्यू.एस.एस. जालंधर और यूथ फुटबॉल क्लब से जसप्रीत कौर के अलावा स्कूल प्रिंसिपल व अध्यापक भी मौजूद थे। प्रोग्राम के दौरान सैनीटेशन अभ्यासों में नौजवानों के व्यवहार में आई तब्दीली की जरूरत पर जोर दिया गया।


