पंजाब : पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बादल छाए रहने की संभावना है।
अगले 48 घंटों के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। वहीं, कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के भी आसार हैं। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
19 अगस्त के बाद कमजोर पड़ सकता है मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक 19 से 22 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। हालांकि, इस दौरान पंजाब के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश जारी रहने की संभावना बनी रहेगी।
अमृतसर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में अमृतसर में सबसे अधिक 40.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जालंधर में 14 मिमी, रूपनगर में 13 मिमी, पठानकोट में 4 मिमी, पटियाला में 3.4 मिमी, लुधियाना में 2.8 मिमी और मोहाली में 2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
बठिंडा सबसे गर्म, अमृतसर में रात सबसे ठंडी
रविवार को बठिंडा 36.5°C के अधिकतम तापमान के साथ पंजाब का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं अमृतसर में न्यूनतम तापमान 22.9°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।
चंडीगढ़ और मोहाली में भी अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के चलते पंजाब में अगले दो दिन मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं।


