जालंधर: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जालंधर के गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर समारोह में पहुंचे। बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

ध्वजारोहण के बाद मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और जिले के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए अपना संदेश दिया। विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया। वहीं जरूरतमंद लोगों को सिलाई मशीनें और ट्राइसाइकिल वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग दिया गया।

कार्यक्रम में पीटी शो के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी पेश की गईं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह को सफल बनाने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश से पहले लोगों की जांच की गई और सुरक्षा कारणों से बैग अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।

इससे पहले जिला प्रशासन की ओर से समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल भी करवाई गई थी। डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।


