नवांशहर/फिल्लौर
पंजाब की संस्कृति, परंपरा और महिलाओं की भागीदारी का खूबसूरत संगम आज दोआबा में देखने को मिला, जहां नवांशहर और फिल्लौर में आयोजित तीज समारोहों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पंजाब की संस्कृति के रंगों से सजे इन कार्यक्रमों में महिलाओं ने गुरप्रीत कौर मान का बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया।

गुरप्रीत कौर मान ने कहा कि तीज सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि पंजाब की बेटियों और बहनों की खुशियों, आत्मविश्वास और आपसी जुड़ाव का उत्सव है। ऐसे कार्यक्रम हमारी समृद्ध पंजाबी विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब की महिलाएं आज अपने अधिकारों और सम्मान को लेकर पहले से कहीं ज्यादा जागरूक हैं। महिलाओं का यह उत्साह और मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रति उनका विश्वास इस बात का संकेत है कि मान सरकार की नीतियों और कामकाज को पंजाब की माताओं-बहनों का मजबूत समर्थन मिल रहा है।j

नवांशहर में हलका इंचार्ज रॉबी कंग की अगुवाई में कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। महिलाओं और स्थानीय लोगों में उनके हलका इंचार्ज बनाए जाने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। गुरप्रीत कौर मान ने कहा कि जनता के बीच रहकर काम करना और लोगों की आवाज को मजबूती से उठाना ही किसी भी जिम्मेदारी की असली कसौटी है।

वहीं फिल्लौर में पहली बार एक महिला चेहरे को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर भी लोगों में उत्साह देखने को मिला। गुरप्रीत कौर मान ने कहा कि महिलाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी देना केवल प्रतिनिधित्व बढ़ाना नहीं, बल्कि पंजाब की राजनीति में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और नेतृत्व क्षमता पर भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि फिल्लौर की हलका इंचार्ज लगातार जनता के बीच जाकर लोगों से संवाद कर रही हैं और अपनी जिम्मेदारी को पूरी सक्रियता से निभा रही हैं।

इस दौरान गुरप्रीत कौर मान ने महिलाओं के साथ तीज की खुशियां साझा कीं और मावां-धीयां योजना समेत महिलाओं के लिए किए जा रहे सरकार के प्रयासों पर भी बातचीत की। कार्यक्रमों में पंजाबी लोक संस्कृति, पारंपरिक परिधानों और रंग-बिरंगे माहौल ने पूरे दोआबा को तीज के रंग में रंग दिया।
गुरप्रीत कौर मान ने कहा कि पंजाब की तरक्की तभी पूरी होगी, जब पंजाब की हर महिला मजबूत, सम्मानित और आत्मनिर्भर होगी। मान सरकार इसी सोच के साथ महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें नेतृत्व की नई जिम्मेदारियां देने के लिए प्रतिबद्ध है।


