लुधियाना: शहर के शिंगार सिनेमा रोड स्थित एक सरकारी बैंक में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक में कैंटीन का काम करने वाले युवक ने खाता खुलवाने में मदद का भरोसा देकर बुजुर्ग का असली एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया और उसकी जगह किसी दूसरे व्यक्ति का पुराना ब्लॉक कार्ड थमा दिया। बाद में आरोपी ने अलग-अलग एटीएम से दो लाख रुपये से अधिक की नकदी निकाल ली।
जानकारी के अनुसार, धर्मपुरा निवासी राम लाल ने अप्रैल माह में बैंक में नया खाता खुलवाकर अपने मकान की बिक्री से मिले करीब 20 लाख रुपये जमा करवाए थे। कुछ समय बाद वह अपने पैतृक गांव करनाल चले गए। जब 28 जुलाई को उन्होंने बैंक में बैलेंस की जानकारी ली तो पता चला कि खाते से पहले ही दो लाख रुपये से अधिक की राशि निकाली जा चुकी है।
बैंक स्टेटमेंट की जांच में सामने आया कि रकम गोपाल नगर, बस्ती जोधेवाल, ताजपुर रोड, टिब्बा रोड और सुभाष नगर के विभिन्न एटीएम से निकाली गई थी। जब बुजुर्ग ने अपने पास मौजूद एटीएम कार्ड बैंक अधिकारियों को दिखाया तो पता चला कि वह कार्ड उनके खाते का नहीं, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति का पहले से ब्लॉक किया गया कार्ड था।
पीड़ित का आरोप है कि बैंक में काम करने वाले युवक ने ही एटीएम का लिफाफा खोलकर कार्ड बदल दिया था और उसे किसी को न दिखाने की सलाह दी थी। कई जगह शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर बुजुर्ग ने पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई।
शिकायत मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने आरोपी युवक से पूछताछ शुरू की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने एटीएम कार्ड बदलने और खाते से पैसे निकालने की बात स्वीकार कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।



