अमृतसर: सफाई कर्मचारियों की ओर से बुलाए गए ‘पंजाब बंद’ को पूरे राज्य में मिला-जुला समर्थन मिला। इस बीच अमृतसर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां पंजाब पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की सड़क पर बंधी रस्सी से टकराने के कारण मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल रणबीर सिंह, जो एआरपी (ARP) में तैनात थे और बटाला जिले के रहने वाले थे, ड्यूटी खत्म करने के बाद एक्टिवा पर अपने घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि वाल्मीकि समाज के प्रदर्शन के चलते भंडारी पुल पर आवाजाही रोकने के लिए रस्सी बांधी गई थी। रणबीर सिंह को यह रस्सी दिखाई नहीं दी और उनकी गर्दन सीधे उससे टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ समय पहले उनके घर से फोन आया था कि उनके बेटे को चोट लग गई है। इसी वजह से वह जल्द घर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे।
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
गौरतलब है कि बरनाला में हुए लाठीचार्ज के विरोध और अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी यूनियनों ने 30 जुलाई को ‘पंजाब बंद’ का आह्वान किया था। बंद के दौरान कई स्थानों पर यातायात रोकने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए गए, इसी दौरान अमृतसर में यह दर्दनाक हादसा हो गया।


