चंडीगढ़: बरनाला में सफाई सेवकों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में आज सफाई कर्मचारी संगठनों ने पंजाब बंद का आह्वान किया है। बंद का असर राज्य के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर स्कूल, कॉलेज, बाजार, मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद हैं, जबकि विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों ने भी इस बंद का समर्थन किया है।
सफाई कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि बरनाला में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। इसी घटना के विरोध में राज्यव्यापी बंद बुलाया गया है।
हालांकि पंजाब सरकार ने हड़ताली कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी और पांच साल की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को नियमित करने की नीति की घोषणा की थी, लेकिन यूनियनों ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। उनका कहना है कि उनकी मुख्य मांग 40,000 रुपये मासिक वेतन सहित अन्य लंबित मांगों को पूरा करना है।
इन जिलों में दिखा बंद का असर
लुधियाना, बठिंडा, होशियारपुर, फाजिल्का, कपूरथला, अमृतसर, पटियाला, पठानकोट और गुरदासपुर में बंद का असर देखा जा रहा है। इन जिलों में कई व्यापारिक संस्थान और शिक्षण संस्थान बंद रखे गए हैं।
जालंधर में नहीं रहेगा बंद
वहीं जालंधर में बंद का असर देखने को नहीं मिलेगा। यहां विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने स्पष्ट किया है कि 30 जुलाई को बाजार बंद नहीं होंगे। हालांकि कुछ संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे, लेकिन सामान्य जनजीवन जारी रहेगा।
क्या रहेगा खुला?
बंद के दौरान अस्पताल, एंबुलेंस सेवाएं और मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे ताकि लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें। बंद के आयोजकों ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से सहयोग करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।


