रूपनगर (रोपड़): पंजाब के रूपनगर (रोपड़) जिले के महज 7 साल 10 महीने के तेघबीर सिंह ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लाहौल क्षेत्र में स्थित जांस्कर पर्वतमाला की 6,111 मीटर ऊंची माउंट यूनम चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर विश्व रिकॉर्ड बना दिया। इसके साथ ही तेघबीर 6,000 मीटर से अधिक ऊंची पर्वत चोटी फतह करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के पर्वतारोही बन गए हैं।
शिवालिक पब्लिक स्कूल, रोपड़ के तीसरी कक्षा के छात्र तेघबीर ने 7 जुलाई को अपना अभियान शुरू किया था। करीब छह दिनों की कठिन चढ़ाई, ऊंचाई के अनुकूल खुद को ढालने की प्रक्रिया, कम ऑक्सीजन और शून्य से नीचे तापमान जैसी चुनौतियों का सामना करते हुए उन्होंने 13 जुलाई की दोपहर लगभग 2:50 बजे शिखर पर पहुंचकर इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि को पर्वतम एक्सपेडिशन एंड ट्रैवल द्वारा आधिकारिक रूप से प्रमाणित भी किया गया है।
तेघबीर के पिता सुखिंदरदीप सिंह ने बताया कि इस अभियान के लिए उनके बेटे ने लगभग छह महीने तक विशेष प्रशिक्षण लिया। इससे पहले वह नेपाल के 235 किलोमीटर लंबे अन्नपूर्णा सर्किट ट्रेक को भी सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं, जिसने उन्हें ऊंचाई पर चढ़ाई के लिए तैयार किया।
प्रशिक्षण के दौरान तेघबीर ने फिटनेस, फेफड़ों की क्षमता, सहनशक्ति और ऊंचाई के अनुसार शरीर को ढालने पर विशेष ध्यान दिया। उनकी मां डॉ. मनप्रीत कौर ने बताया कि नियमित अभ्यास के साथ संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
तेघबीर इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। अप्रैल 2026 में उन्होंने नेपाल का अन्नपूर्णा सर्किट ट्रेक पूरा कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। वहीं जून 2025 में यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस और अगस्त 2024 में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो फतह कर वह रिकॉर्ड बुक्स में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं। अप्रैल 2024 में मात्र 5 साल 7 महीने की उम्र में उन्होंने एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचकर भी सभी को हैरान कर दिया।



