Thursday, August 27, 2026
HomeLatest Newsलुधियाना में बारिश बनी आफत: अचानक धंसी सड़क, गड्ढे में फंसी बाइक,...

लुधियाना में बारिश बनी आफत: अचानक धंसी सड़क, गड्ढे में फंसी बाइक, बड़ा हादसा टला

लुधियाना: शहर के पखोवाल रोड स्थित शहीद भगत सिंह नगर में शनिवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। सिटी सेंटर के पास जी ब्लॉक और एच ब्लॉक को जोड़ने वाली सड़क अचानक धंस गई, जिससे वहां से गुजर रहे एक युवक की मोटरसाइकिल गहरे गड्ढे में फंस गई। गनीमत रही कि समय रहते स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 8 बजे की है। युवक जैसे ही सड़क से गुजर रहा था, सड़क का हिस्सा अचानक बैठ गया और उसकी बाइक गड्ढे में फंस गई। मौके पर मौजूद समाजसेवी अरविंद शर्मा ने तुरंत अपनी गाड़ी रोककर आसपास के लोगों की मदद से युवक और उसकी मोटरसाइकिल को बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बचाव अभियान के दौरान भी सड़क लगातार धंसती रही, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ गया। फिलहाल सड़क पर दो स्थानों पर बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

इलाके के निवासियों ने बताया कि यह सड़क पहले भी कई बार धंस चुकी है। हर बार प्रशासन ने केवल अस्थायी मरम्मत कर मामला शांत कर दिया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। लगातार हो रही बारिश के चलते अब सड़क की हालत और खराब हो गई है और भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से सड़क की जल्द और स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक इस मार्ग का इस्तेमाल करने से बचें।

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular