पंजाब के अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के दौरान हाल ही में शेखूपुरा मोहल्ले में एक घर पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान ज्योतिसर कॉलोनी निवासी लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। डीएसपी बलजीत सिंह और एसएचओ हरपाल सिंह ने बताया कि फायरिंग की घटना की जांच के सिलसिले में जानियां मोड़ पर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर पहुंचे संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 30 बोर का पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उसका संबंध किसी गैंग या अन्य आपराधिक गतिविधियों से तो नहीं है। मामले की जांच जारी है।



