Sunday, August 30, 2026
HomeLatest Newsपंजाब में 12 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, 6 जिलों में...

पंजाब में 12 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, 6 जिलों में तेज बरसात की चेतावनी

पंजाब में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में 12 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में लगातार बारिश के चलते तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। फिलहाल भी प्रदेश का औसत तापमान सामान्य से करीब 2.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विभाग ने 8 जुलाई (मंगलवार) से लगातार तीन दिनों तक राज्य के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली शामिल हैं। इन जिलों में तेज बारिश के साथ जलभराव और स्थानीय स्तर पर परेशानी की आशंका जताई गई है। वहीं, पंजाब के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

विभाग के अनुसार, 10 जुलाई को राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 11 और 12 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने का संकेत है, जिससे गर्मी से राहत मिलने के साथ किसानों को भी फायदा होने की उम्मीद है।

इससे पहले सोमवार को भी पंजाब के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान में करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। बठिंडा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो पटियाला में 25.2 मिमी, मोहाली में 18.0 मिमी, लुधियाना में 2.2 मिमी, होशियारपुर में 0.5 मिमी और पठानकोट में 0.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular