अमृतसर: शहर के कोट खालसा इलाके में रविवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक पर अपनी बहन के घर जा रहे एक युवक की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान नितिन उर्फ चीकू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह देर रात मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी बहन के घर जा रहा था। घर से कुछ ही दूरी पर एक्टिवा सवार दो युवकों ने उसका पीछा किया और अचानक उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां उसके सिर में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों की मदद से नितिन को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मामले की जानकारी मिलते ही एडीसीपी विशालजीत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
एडीसीपी विशालजीत ने बताया कि शुरुआती जांच में एक आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, मृतक नितिन उर्फ चीकू पहले एक आपराधिक मामले में जेल जा चुका था और कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आया था। उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका की हर पहलू से जांच कर रही है।



