Wednesday, October 14, 2026
HomeLatest Newsअटल टनल के पास भीषण सड़क हादसा, निर्माणाधीन पुल से टकराई स्कॉर्पियो;...

अटल टनल के पास भीषण सड़क हादसा, निर्माणाधीन पुल से टकराई स्कॉर्पियो; राजस्थान के युवक की मौत

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मनाली से लाहौल जा रही पर्यटकों से भरी एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुल से टकरा गई, जिसमें एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

मृतक की पहचान राजस्थान के सीकर निवासी 34 वर्षीय कैलाश के रूप में हुई है। वहीं हादसे में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी आदित्य, राजस्थान के सीकर निवासी राजेंद्र और वाहन चालक सिद्धार्थ घायल हो गए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10 बजे स्कॉर्पियो अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से बाहर निकलने के बाद चंद्रा नदी की ओर जाने वाले मार्ग पर पहुंची। इसी दौरान वाहन चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो निर्माणाधीन पुल से जा टकराई।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ओवरस्पीडिंग मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि चालक तेज गति के कारण वाहन को मोड़ पर संभाल नहीं पाया, जिससे यह दुर्घटना हुई।

सिस्सू थाना प्रभारी मुकेश राठौर ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।

पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे विशेष रूप से मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में रात के समय यात्रा करने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने से बचें, क्योंकि इस मौसम में सड़कें फिसलन भरी होने के साथ दृश्यता भी कम हो जाती है।

RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular