Thursday, June 25, 2026
HomeLatest Newsएयर इंडिया की उड़ान भटकी, कुछ देर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में...

एयर इंडिया की उड़ान भटकी, कुछ देर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में रही

दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान सोमवार को अमृतसर हवाई अड्डे पर गो-अराउंड (दोबारा चक्कर लगाकर लैंडिंग की प्रक्रिया) के दौरान कुछ समय के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई। एयरलाइन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जानकारी नियामक अधिकारियों को दे दी गई है और इसकी जांच की जा रही है।

एयर इंडिया के अनुसार, 22 जून को दिल्ली से अमृतसर जा रही फ्लाइट AI-479 के चालक दल ने अमृतसर एयरपोर्ट पर गो-अराउंड प्रक्रिया के दौरान अनजाने में पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र का सीमित उल्लंघन किया। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वहीं, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बताया कि एयर इंडिया का एयरबस A321 विमान (VT-PPV) अमृतसर में लैंडिंग की तैयारी कर रहा था, तभी रनवे पर पक्षी के टकराने (बर्ड स्ट्राइक) की घटना के बाद निरीक्षण के कारण विमान को कुछ समय के लिए होल्ड पर रखा गया।

बाद में जब विमान को रडार मार्गदर्शन के तहत दोबारा एप्रोच कराया जा रहा था, तब वह संक्षिप्त समय के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया। इस दौरान पाकिस्तान के एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारियों के साथ आवश्यक समन्वय किया गया।

DGCA के अनुसार, परिस्थितियों को देखते हुए विमान को अमृतसर के बजाय वापस दिल्ली भेज दिया गया, जहां उसने सुरक्षित रूप से लैंडिंग की। घटना के बाद नियामक एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित अधिकारियों तथा चालक दल की भूमिका की समीक्षा की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments