अमृतसर : कमिश्नरेट पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार से चल रहे अवैध हथियारों, नशीले पदार्थों और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान एक अफगान नागरिक और एक नाबालिग सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से 10 अत्याधुनिक हथियार (जिनमें दो सब-मशीन गन शामिल हैं), 5.048 किलोग्राम हेरोइन और 30.38 लाख रुपये की हवाला राशि बरामद की है।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशों में बैठे हैंडलर्स से जुड़े हुए थे। वे वहां से नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की खेप प्राप्त करते थे और आगे आपराधिक तत्वों को बांटते थे। यह नेटवर्क अलग-अलग जगहों पर वित्तीय लेनदेन के लिए हवाला चैनलों का इस्तेमाल भी करता था।
इस संबंध में अमृतसर के थाना इस्लामाबाद में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों की पहचान करने, और अधिक बरामदगी तथा गिरफ्तारियां सुनिश्चित करने के लिए आगे की जांच जारी है।