Saturday, June 20, 2026
HomeLatest Newsसत्ता में वापसी के सपने छोड़ दें अकाली, अब जेल जाने की...

सत्ता में वापसी के सपने छोड़ दें अकाली, अब जेल जाने की बारी है : CM मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फगवाड़ा में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में बारी-बारी से सत्ता चलाने का दौर खत्म हो चुका है और राज्य के साथ विश्वासघात करने वालों को अपने कर्मों का हिसाब देना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी का ‘झाड़ू’ पंजाब की राजनीति को साफ कर रहा है और अकाली दल को सत्ता में वापसी के सपने छोड़ देने चाहिए, क्योंकि अब उनकी बारी जेल जाने की है। उन्होंने अकाली दल और कांग्रेस को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए आरोप लगाया कि दोनों दलों ने हमेशा अपने स्वार्थों को प्राथमिकता दी।

उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के सामने झूठ बोलने वाले किसी के भी वफादार नहीं हो सकते। वहीं कांग्रेस को आंतरिक कलह से जूझ रही पार्टी बताते हुए कहा कि वह अपने अंतिम दौर में है और आपसी लड़ाई के कारण जल्द ही बिखर जाएगी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की जनहितैषी नीतियों के कारण पंजाब शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और कल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 67 हजार से अधिक युवाओं को बिना सिफारिश और भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां दी गई हैं, करीब 1,000 आम आदमी क्लीनिक लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं और राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए 14 हजार किलोमीटर पाइपलाइन और खालों का निर्माण किया गया है, जबकि 19 टोल प्लाजा बंद होने से लोगों के प्रतिदिन लाखों रुपये की बचत हो रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है और ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के माध्यम से प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 18 करोड़ रुपये से अधिक की ग्रांट देने का भी ऐलान किया और अधिकारियों को लोगों की सुविधाओं के लिए प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक मिलनी कार्यक्रम का उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर विकास को गति देना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments