पंजाब पुलिस ने रंगदारी वसूली और फायरिंग की घटनाओं में शामिल एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पंजाब पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे कुछ हैंडलरों के इशारों पर काम कर रहे थे और जालंधर तथा नवांशहर जिलों में कई फायरिंग की घटनाओं की साजिश रचने और उन्हें अंजाम देने में शामिल थे। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि पिछले सप्ताह आरोपियों ने संतोखपुरा स्थित बीएनएस फैशन्स शोरूम पर फायरिंग की थी। इसके बाद शोरूम के मालिक लक्ष्य वर्मा से 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी।
इस मामले में जालंधर के भार्गो कैंप थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क से जुड़े आगे और पीछे के लिंक खंगालने में जुटी हुई है, ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अहम खुलासे होने की संभावना है।


