अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से चल रहे अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 11 आधुनिक पिस्तौल तथा 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े हुए थे। यह हथियार आपराधिक तत्वों तक पहुंचाए जाने थे, जिनका इस्तेमाल रंगदारी, हिंसक अपराधों और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों में किया जाना था।
इस मामले में थाना एयरपोर्ट, थाना सदर और थाना छेहरटा, अमृतसर में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और उनके संपर्कों की जांच कर रही है ताकि आगे और गिरफ्तारियां व बरामदगी की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे गिरोह की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहराई से जांच जारी है और जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी।


