पंजाब और चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता को महंगाई का तीखा झटका लगा है। ताजा बढ़ोतरी में पेट्रोल के दाम में करीब 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। इस वृद्धि के बाद मोहाली में पेट्रोल की कीमत सबसे उच्चतम स्तर ₹103.39 प्रति लीटर पर पहुंच गई है। गौरतलब है कि इससे पहले 15 मई और 19 मई को भी कीमतें बढ़ाई गई थीं, यानी पिछले महज 9 दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को तीसरी बार महंगे ईंधन की मार झेलनी पड़ी है।
इस बढ़ोतरी के बाद चंडीगढ़ में पेट्रोल की कीमत अब ₹98.93 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹86.93 प्रति लीटर हो गई है। मालूम हो कि 15 मई से पहले चंडीगढ़ में डीजल ₹82.45 प्रति लीटर था, जो अब तक लगभग ₹4 प्रति लीटर महंगा हो चुका है। ईंधन की कीमतों में इजाफे का यह असर पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी देखा जा रहा है; शिमला में अब पेट्रोल ₹100.14 प्रति लीटर और डीजल ₹92.17 प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।