पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस की मौजूदगी में 72 प्राथमिक शिक्षकों के एक नए बैच को अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए फिनलैंड रवाना किया। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर शिक्षकों से मुलाकात कर उन्हें हरी झंडी दिखाई और राज्य में शिक्षा सुधारों को गति देने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री मान ने कहा कि विदेशों से अत्याधुनिक प्रशिक्षण प्राप्त कर लौट रहे शिक्षक और प्रिंसिपल राज्य में ‘शिक्षा क्रांति के दूत’ के रूप में काम कर रहे हैं। इस पहल का सीधा लाभ आम आदमी के बच्चों को मिल रहा है, जिन्हें अब सरकारी स्कूलों में वैश्विक स्तर की शिक्षा मिल पा रही है। उन्होंने आगे जोड़ा कि आम आदमी पार्टी और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के प्रयासों के कारण ही आज देश की राजनीति में शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसे बुनियादी मुद्दे अन्य दलों के राजनीतिक एजेंडे के केंद्र में आ गए हैं।
गौरतलब है कि पंजाब सरकार अब तक 234 प्रिंसिपलों और शिक्षा अधिकारियों को पांच दिवसीय नेतृत्व विकास कार्यक्रम के लिए सिंगापुर भेज चुकी है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए, इस बार 72 प्राथमिक स्तर के शिक्षकों को फिनलैंड के तुर्कू शहर में विशेष प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है।