जालंधर में कैंट रेलवे स्टेशन के समीप दकोहा फाटक पर ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। महिल प्रवासी है और बच्चे के साथ ट्रैक क्रास कर रही थी। जब हादसा हुआ तो फाटक बंद था और दूसरी तरफ से चंडीगढ़-अमृतसर ट्रेन आ रही थी।
ट्रेन फाटक के पास ही थी कि महिला ने ट्रैक क्रास करना शुरू कर दिया। इससे वह ट्रेन की चपेट में आ गई जबकि बच्चा बच गया। लोगों ने बताया कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से बच्चा घबराया हुआ है।
लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को ट्रैक से हटाया और सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि महिला कहां रहती है और कहां की रहने वाली थी इसे लेकर पूछताछ कर रहे हैं।



