Wednesday, August 19, 2026
HomeLatest NewsJalandhar: बदमाशों ने महिला से मोबाइल छीना, फिर ऑटो चालक ने दिखाई...

Jalandhar: बदमाशों ने महिला से मोबाइल छीना, फिर ऑटो चालक ने दिखाई बहादुरी, किया आरोपी काबू

मिली जानकारी के अनुसार शहीद बाबू लाभ सिंह नगर निवासी नीतू किसी काम से देर रात मछली मार्केट की ओर जा रही थी।

जालंधर के बस्ती बावा खेल क्षेत्र में मंगलवार देर रात मोबाइल झपटमारी की एक वारदात को एक ऑटो चालक की सूझबूझ और बहादुरी ने नाकाम कर दिया। बस्ती बावा खेल नहर के पास बच्चों के साथ खड़ी एक महिला से एक्टिवा सवार तीन युवकों ने मोबाइल फोन झपट लिया, लेकिन मौके पर मौजूद ऑटो चालक ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़वा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार शहीद बाबू लाभ सिंह नगर निवासी नीतू किसी काम से देर रात मछली मार्केट की ओर जा रही थी। वह बस्ती बावा खेल नहर के पास अपने बच्चों के साथ खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से एक्टिवा पर सवार तीन युवक आए और उनमें से एक ने नीतू के हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार होने लगे।
नीतू के शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे ऑटो चालक निहंग सिंह ने पूरी घटना देखी और बिना देर किए झपटमारों का पीछा शुरू कर दिया। निहंग सिंह ने अपनी ऑटो से आरोपियों की एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। भीड़ इकट्ठी होने पर दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया।
गुस्साए लोगों ने पकड़े गए युवक की धुनाई कर दी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल के प्रभारी इंस्पेक्टर जय इंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गए।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव हमीरा, सुभानपुर निवासी मनीष कुमार उर्फ मनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपी से उसके साथियों और पूर्व में की गई झपटमारी की वारदातों को लेकर भी पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
RELATED ARTICLES
Google search engine
Google search engine

Most Popular