लुधियाना के गुरु अर्जुन देव नगर स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस समय अफरा-तफरी मच गई
जब पेट्रोल भरवाने आए एक दंपत्ति और पंप कर्मचारियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका वीडियो अब चर्चा में है।
ऑनलाइन भुगतान बना विवाद की वजह
जानकारी के मुताबिक, दंपत्ति ने 100 रुपये का पेट्रोल भरवाया और उसका भुगतान ऑनलाइन स्कैन के जरिए किया। आरोप है कि जब कर्मचारी ने पैसे मांगे और ग्राहक ने ऑनलाइन पेमेंट की बात कही, तो कर्मचारी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। बात बढ़ने पर कर्मचारी ने कथित तौर पर ग्राहक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव में आई पत्नी और बच्ची भी गिरी
पीड़िता नवजोत कौर, जो टिब्बा रोड की रहने वाली बताई जा रही हैं, ने आरोप लगाया कि जब उनके पति के साथ मारपीट की गई तो वह उन्हें बचाने आगे आईं। इसी दौरान एक महिला कर्मचारी ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह ज़मीन पर गिर गईं। उस समय उनकी गोद में उनकी तीन साल की बेटी भी थी, जो गिरकर चोटिल हो गई।
नशे में होने का आरोप, पहले भी मिल चुकी हैं शिकायतें
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी कर्मचारी नशे की हालत में था और उसका व्यवहार पहले भी विवादित रहा है। नवजोत कौर के अनुसार, इस पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के खिलाफ पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। दंपत्ति ने सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच करवाई है और अब पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।
मैनेजर ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, पेट्रोल पंप मैनेजर राकेश ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई थी। उनके अनुसार, पहले कैश पेमेंट की बात हुई थी, बाद में ऑनलाइन भुगतान किया गया, जिससे गलतफहमी बढ़ गई। मैनेजर ने यह भी दावा किया कि कर्मचारी ने शराब नहीं पी थी और मामला आपसी बातचीत से सुलझाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल, CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच की मांग उठ रही है और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर रोष देखा जा रहा है।


