रवनीत सिंह बिट्टू ने घोषणा की कि रेलवे बहुत जल्द धुरी के एलसी 62ए रेलवे फाटक से सटे ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी देगा।
केंद्रीय रेल और खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने घोषणा की कि रेलवे बहुत जल्द धुरी के एलसी 62ए रेलवे फाटक से सटे ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी देगा। यह परियोजना लंबे समय से लोगों की मांग रही है। इस दौरान बिट्ट ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह ऐसे प्रोजैक्ट का झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने कोई प्रयास नहीं किया। बिट्ट ने कहा, मुख्यमंत्री ने आज भी अपने धुरी दौरे से ठीक पहले एक ट्वीट में कहा कि इस ओवरब्रिज के निर्माण के लिए 54.76 करोड़ की राशि उपलब्ध है।
यह बयान पूरी तरह भ्रामक है। पिछले 3 वर्षो में मान सरकार ने राज्य भर में किसी भी लागत-साझेदारी वाले रेलवे ओवरब्रिज प्रोजैक्ट के लिए रेलवे को एक रुपया तक नहीं दिया। अगर उन्होंने 54.76 लाख भी भेजे होते तो वो प्रस कांफ़्रेंस करते। ये 54.76 करोड़ की बात महज दिखावा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री बता सकते हैं कि यह राशि किस खाता शीर्ष में पड़ी है और आज तक वितरित क्यों नहीं हुई? बिट्ट ने कहा कि कुछ समय पहले स्थानीय निवासियों ने उनसे मिलकर इस मुद्दे को उठाया था और उनकी शिकायतों को सुनने के बाद उन्होंने तुरंत इसे उच्च स्तर पर उठाया। उन्होंने आरोप लगाया, धुरी से विधायक होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने इस लंबे समय से लंबित मांग को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अब जब रेलवे ने पहल की है, तो भगवंत मान बेशर्मी से इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।
धुरी दौरे के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए बिट्ट ने कहा कि उन्हें स्थानीय भाजपा नेताओं और नागरिक समूहों से कई प्रतिनिधित्व मिले थे, जिनमें इस ओवरब्रिज की तत्काल जरूरत बताई गई थी, क्योंकि 62ए रेलवे क्रॉसिंग घंटों तक बंद रहती है जिससे शहर दो हिस्सों में बंट जाता है और यात्रियों को रोजाना भारी परेशानी ङोलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि लोगों को रेलवे लाइन पार करने में अक्सर तीन से चार घंटे तक इंतजार करना पड़ता है।